*चरचा कालरी......एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र में प्रबंधक कार्मिक के पद पर कार्यरत विकास शंकर ओझा को एसईसीएल स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर मुख्यालय में आयोजित अलंकरण समारोह में खेल रत्न पुरस्कार* से सम्मानित किया गया। बैकुंठपुर क्षेत्र के किसी खिलाड़ी को पहली बार यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।खेल प्रतिभाओं के लिए कोल इंडिया में विशेष पहचान रखने वाले बैकुंठपुर क्षेत्र के लिए यह उपलब्धि गौरवपूर्ण है। विकास शंकर ओझा ने अपने लंबे खेल सफर में हॉकी के प्रति समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। पढ़ाई के दौरान ही वे हॉकी खेल के प्रति पूरी तरह समर्पित हो गए थे। उस समय बिलासपुर अभिभाजित मध्यप्रदेश का हिस्सा था। उन्होंने मध्यप्रदेश की टीम से तीन बार स्टेट टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। इसके बाद इंडियन यूनिवर्सिटी स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जूनियर नेशनल हॉकी टूर्नामेंट में तीन बार दिल्ली, बरेली और मिजोरम में खेलकर अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया।
वर्ष 1997 में खेल कोटे से एसईसीएल में नियुक्ति होने के बाद भी उनका खेल के प्रति समर्पण लगातार जारी रहा। वे एसईसीएल हॉकी टीम के चार बार कप्तान रह चुके हैं। उनके नेतृत्व और खेल कौशल का उल्लेखनीय परिणाम यह रहा कि एसईसीएल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 16 बार कोल इंडिया विजेता बनने का गौरव हासिल किया। यह उपलब्धि अपने आप में असाधारण है और एसईसीएल के खेल इतिहास में उनकी अहम भूमिका को दर्शाती है।
कोल इंडिया की ओर से ऑल इंडिया पब्लिक सेक्टर हॉकी टूर्नामेंट में भी वे दो बार विजेता टीम का हिस्सा रहे। कोल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट में तीन बार *प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट* का पुरस्कार और दो बार *बेस्ट स्कोरर* का सम्मान प्राप्त करना उनकी व्यक्तिगत खेल प्रतिभा और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।
खेल के मैदान पर शानदार उपलब्धियां हासिल करने वाले विकास शंकर ओझा कार्यालयीन कार्यों में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। प्रबंधक कार्मिक के रूप में वे बेहद सरल, सहज और मिलनसार अधिकारी माने जाते हैं। कर्मचारी अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचते हैं तो वे गंभीरता से सुनते हुए तत्काल निराकरण की दिशा में प्रयास करते हैं। उनकी कार्यशैली में संवेदनशीलता, तत्परता और कर्मचारी हितों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण स्पष्ट दिखाई देता है। यही वजह है कि कर्मचारी उनके समक्ष सहजता से अपनी बात रख पाते हैं।
विकास शंकर ओझा को मिला खेल रत्न सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बैकुंठपुर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं और खेल संस्कृति का भी सम्मान है। हॉकी के मैदान पर जीत का इतिहास रचने वाले और कार्यक्षेत्र में अपनी सरलता व कर्मठता से लोगों का विश्वास अर्जित करने वाले ओझा आज क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं। उनकी उपलब्धि ने बैकुंठपुर क्षेत्र का मान बढ़ाया है और युवा खिलाड़ियों को मेहनत, लगन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
