चरचा कालरी....... प्रगति ऑटोमोबाइल्स चरचा में बजाज कंपनी की नई पल्सर 125 बाइक की लॉन्चिंग के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के संरक्षक एवं चरचा बचाव मंच के अध्यक्ष नीरज गुप्ता, वरिष्ठ व्यवसायी एवं पत्रकार प्रकाश शर्मा, पत्रकार पवन अग्रवाल, प्रगति ऑटोमोबाइल्स के संचालक राजेश्वर चंद्रा सहित आसपास क्षेत्र के 30 से अधिक मैकेनिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रगति ऑटोमोबाइल्स के संचालक राजेश्वर चंद्रा ने नई बजाज पल्सर 125 का भव्य अनावरण किया। उन्होंने बाइक की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि तेज पिकअप, स्पोर्टी राइडिंग, आकर्षक लुक, कॉल एवं मैसेज अलर्ट, म्यूजिक कंट्रोल, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, नेविगेशन, गूगल मैप, आधुनिक डिस्प्ले सहित दमदार परफॉर्मेंस और मजबूती को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया गया है।लॉन्चिंग के दौरान उपस्थित मैकेनिकों ने बाइक का परीक्षण कर उसके फीचर्स एवं राइडिंग का अनुभव लिया। नई बाइक की तकनीक और प्रदर्शन को लेकर मैकेनिकों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चरचा बचाव मंच के अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने कहा कि मैकेनिक केवल वाहन की मरम्मत करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि वाहन की सुरक्षा और ग्राहक के विश्वास का महत्वपूर्ण आधार होता है।वाहन की चमक, नई तकनीक और प्रदर्शन की चर्चा तो खूब होती है, लेकिन उसे बेहतर स्थिति में बनाए रखने वाले मैकेनिक के योगदान को अपेक्षित महत्व नहीं मिलता।उन्होंने कहा कि प्रगति ऑटोमोबाइल्स क्षेत्र का जाना-पहचाना संस्थान है, जहां ग्राहकों को गुणवत्ता और विश्वसनीयता दोनों मिलती हैं। उन्होंने उपस्थित मैकेनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका क्षेत्र के लोगों से सीधा जुड़ाव है और वे समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
नीरज गुप्ता ने मैकेनिकों से चरचा के भविष्य को लेकर विशेष पहल करने का आह्वान करते हुए कहा कि चरचा कालरी ही क्षेत्र का प्रमुख रोजगार आधार है अन्य कोई उद्योग धंधे नहीं है और आने वाले वर्षों में खदान के बंद होने की स्थिति में स्थानीय व्यवसाय एवं रोजगार पर भी असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत केवल वर्तमान सुविधाओं की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की चिंता करने की है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि जब जनता के बीच आएं तो उनसे क्षेत्र के स्थायित्व से कहे कि हमें पानी, बिजली और सड़क की जरूरत तो है ही, हमारी सबसे बड़ी जरूरत चरचा के स्थायित्व और लोगों के रहने के अधिकार की है। हमें अपने भविष्य की सुरक्षा चाहिए। चरचा बचेगा, तभी हम बचेंगे और यदि चरचा ही नहीं रहेगा तो हमारा भविष्य और हमारा वजूद कहां रहेगा?
उन्होंने मैकेनिकों सहित क्षेत्र के सभी नागरिकों से चरचा के भविष्य को लेकर अभी से जागरूक और संगठित होकर प्रयास करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित मैकेनिकों ने भी चरचा के विकास एवं स्थायित्व से जुड़े मुद्दों पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए क्षेत्र के भविष्य के लिए मिलकर प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में ऑटो संस्थान के संचालक राजेश्वर चंद्रा के द्वारा सभी मैकेनिक भाइयों व अतिथियों को उपहार दिए गए
