चरचा कालरी..... चरचा बचाव मंच द्वारा चरचा–कटघोरी सड़क निर्माण एवं क्षेत्र के गरीब, भूमिहीन परिवारों को भूमि पट्टा दिलाने की मांग को लेकर लगातार संघर्ष और प्रयास जारी हैं। दोनों मांगें अब चरचा क्षेत्र में जनभावनाओं से जुड़ा प्रमुख मुद्दा बन चुकी हैं। क्षेत्र की जनता का मंच को अपेक्षा से अधिक समर्थन मिल रहा है और ये दोनों मुद्दे क्षेत्र में राजनीतिक व सामाजिक हलकों में अंडरकरंट की तरह प्रभाव छोड़ रहे हैं।


इसी क्रम में 25 नवंबर 2026 को चरचा बचाव मंच के सदस्यों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के निवास पर पहुंचकर क्षेत्र की समस्याओं एवं दोनों मांगों से उन्हें अवगत कराया। मंत्री श्री जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डीएफओ कोरिया को सड़क निर्माण के संबंध में एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्य के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा सरकार से आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।


इसके बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे कलेक्टर कोरिया के सभाकक्ष में श्रीमती रोक्तिमा यादव कलेक्टर कोरिया हरीश राठौर एसपी कोरिया एडीएम कोरिया, एसडीएम  बैकुंठपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी बैकुंठपुर, एडिशनल एसपी बैकुंठपुर थाना प्रभारी चर्चा व पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों व चरचा बचाव मंच के सदस्यों नीरज गुप्ता ,प्रकाश शर्मा ,राजेश्वर चंद्रा ,मोहम्मद आरिफ, प्रदीप करमाकर, संजय शर्मा,अनिकेत ठाकुर, अक्षय कुमार, टीपू सुल्तान,सईद अहमद, राज किरण परमार व अन्य सदस्यों के बीच लगभग सवा घंटे तक सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में सड़क निर्माण  की मांग पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए, लेकिन मंच के सदस्यों ने इसे अपेक्षाकृत लंबी समय-सीमा बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।


इस पर 26 नवंबर को कलेक्टर के साथ पुनः वार्ता हुई। कलेक्टर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा 4 दिसंबर तक एस्टीमेट तैयार करने की बात कही। इसके अलावा चरचा के विकास से जुड़े अन्य कई मुद्दों पर भी उन्होंने सहमति एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया।


प्रशासन की पहल, कलेक्टर के सहयोगात्मक रवैये एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के ठोस आश्वासन को ध्यान में रखते हुए चरचा बचाव मंच ने 27 नवंबर को प्रस्तावित चक्का जाम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। मंच ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि जनहित में प्रशासन को दिए गए समय और आश्वासनों के मद्देनजर संघर्ष को कुछ समय के लिए विराम दिया गया है।


चरचा बचाव मंच ने नगर पालिका शिवपुर चरचा के आगामी चुनाव को भी इन जनहित के मुद्दों से जोड़ते हुए सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने का निर्णय लिया है। मंच का मानना है कि चरचा–कटघोरी सड़क निर्माण और गरीबों को भूमि पट्टा दिलाने की मांग केवल किसी एक दल या वर्ग का विषय नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य, अधिकार और विकास से जुड़ा सवाल है। चुनाव में आने वाले सभी दलों के नेताओं के समक्ष इन मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र के विकास के लिए ठोस प्रतिबद्धता सुनिश्चित हो सके।


### मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से क्षेत्र को बड़ी उम्मीदें


प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल को क्षेत्र की जनता एक प्रभावशाली, सर्वमान्य एवं विकास के प्रति सक्रिय नेता के रूप में देखती है। उनके नेतृत्व और विकास कार्यों को गति देने की कार्यशैली से चरचा क्षेत्र के लोगों को भी काफी उम्मीदें हैं। मंत्री द्वारा तत्काल अधिकारियों को निर्देश देना और आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा देना क्षेत्रवासियों के लिए सकारात्मक संकेत है।


चरचा बचाव मंच का कहना है कि जनता का सहयोग ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। चरचा–कटघोरी सड़क निर्माण तथा गरीब परिवारों को भूमि पट्टा दिलाने की दोनों मांगें जनआकांक्षाओं का प्रतीक बन चुकी हैं। मंच इन मांगों को पूरा कराने के लिए लोकतांत्रिक, संगठित और निरंतर प्रयास जारी रखेगा।